Reflection – Lesson 9:
"Heart Versus Mind" आज के सत्र में अध्याय पढ़ते समय ऐसा लगा जैसे मैं पुस्तक नहीं, बल्कि अपने जीवन के कुछ पुराने पन्ने पढ़ रही हूँ। किशोरावस्था की कई यादें आँखों के सामने आ गईं। वह उम्र, जब भावनाएँ बहुत गहरी होती हैं, लेकिन उन्हें समझने की समझ अभी विकसित हो रही होती है। कई बार मैंने केवल दिल की बात मानकर फैसले लिए—कभी किसी की बातों में आकर, कभी गुस्से में, कभी अपनी तुलना दूसरों से करके। बाद में एहसास हुआ कि उन निर्णयों ने मुझे दुख, निराशा और पछतावा दिया। वहीं कुछ अवसर ऐसे भी आए जब मैंने केवल दिमाग की सुनी और अपनी भावनाओं को दबा दिया। उन फैसलों में सही तर्क तो था, लेकिन मन को सुकून नहीं मिला।
आज जब मैं एक शिक्षक के रूप में बच्चों के बीच खड़ी होती हूँ, तो महसूस करती हूँ कि मेरी कक्षा में भी कई बच्चे ऐसे ही मानसिक और भावनात्मक संघर्षों से गुजर रहे होंगे। किसी बच्चे की शरारत, चुप्पी, गुस्सा या पढ़ाई में रुचि न लेना शायद उसकी ज़िद नहीं, बल्कि उसके मन की कोई अनकही पीड़ा हो सकती है। यदि उस समय मैं केवल नियमों के आधार पर निर्णय लूँ, तो शायद मैं उसके मन तक कभी नहीं पहुँच सकती। रोमा माथुर की ये कहानी ने हमें बहुत प्रभावित किया जिसका उद्देश्य दिल और दिमाग दोनों के बीच संतुलन को दर्शाता है।
इस अध्याय ने मुझे यह सिखाया कि एक अच्छा शिक्षक वह नहीं जो केवल सही उत्तर सिखाए, बल्कि वह है जो बच्चे के गलत रास्ते पर चलने से पहले उसका हाथ पकड़ ले। कभी-कभी एक डाँट बच्चे को चुप करा देती है, लेकिन एक स्नेहभरी बातचीत उसका पूरा जीवन बदल सकती है।
अब मैं चाहती हूँ कि मेरी कक्षा ऐसी हो जहाँ बच्चों को केवल पढ़ाया न जाए, बल्कि उन्हें समझा भी जाए। जहाँ वे बिना डर के अपनी गलतियाँ स्वीकार कर सकें, अपने मन की बात कह सकें और यह विश्वास रख सकें कि उनका शिक्षक उन्हें जज नहीं करेगा, बल्कि सही दिशा दिखाएगा।
मेरे अपने जीवन की गलतियाँ अब मेरे लिए बोझ नहीं हैं, बल्कि वे मुझे याद दिलाती हैं कि हर बच्चा दूसरा अवसर पाने का हकदार है। यदि मैं अपने अनुभवों से किसी एक बच्चे का जीवन बेहतर बना सकूँ, तो यही मेरे शिक्षक होने की सबसे बड़ी सफलता होगी। यही इस अध्याय से मिली मेरी सबसे गहरी सीख है।

No comments:
Post a Comment