Saturday, September 19, 2026

The Midwife – अनुभव, शिक्षा और जीवन से सीखने की यात्रा -सनबीम ग्रामीण स्कूल

हर अनुभव एक पाठ है और हर प्रयास सीखने का एक नया अवसर।

इस अध्याय “The Midwife” को पढ़ते हुए मुझे यह महसूस हुआ कि शिक्षा केवल किताबों और स्कूलों से मिलने वाली जानकारी का नाम नहीं है, बल्कि हमारे आसपास का वातावरण और हमारी परिस्थितियाँ हमें वह शिक्षा दे जाती हैं, जो हमें किताबों या स्कूल में नहीं मिलती। जीवन के अनुभव के द्वारा सीखना और सही समय पर सही निर्णय लेने की समझ भी शिक्षा का ही हिस्सा है। तारा का बचपन ऐसे वातावरण में बीत रहा था, जहाँ परिवार अपने विश्वासों और अनुभवों को डॉक्टरों तथा आधुनिक चिकित्सा से अधिक महत्व देता था। माँ का बिना किसी औपचारिक प्रशिक्षण के बच्चों की डिलीवरी में सहायता करना और तारा का छोटी उम्र में इन परिस्थितियों को देखना मेरे लिए बहुत सोचने वाली बात है।

इस अध्याय में तारा का डर, जिज्ञासा और धीरे-धीरे जिम्मेदारी को समझना मुझे बहुत प्रभावित करते हैं। खासकर जब कठिन परिस्थितियों में भी वह अपनी माँ के साथ बनी रहती है, तब लगता है कि बचपन के अनुभव व्यक्ति के मन और सोच पर कितना गहरा प्रभाव डालते हैं।

एक शिक्षक के रूप में मुझे यह अध्याय यह सोचने पर मजबूर करता है कि हर बच्चे की सीखने की यात्रा अलग होती है। बच्चों को केवल यह नहीं सिखाना चाहिए कि क्या सही है, बल्कि उन्हें प्रश्न पूछने, परिस्थितियों को समझने और अपने निर्णय स्वयं लेने की क्षमता भी देनी चाहिए। तारा के जीवन में शिक्षा धीरे-धीरे उसके लिए अपने अनुभवों को नए दृष्टिकोण से देखने का माध्यम बनती है।

परंपराओं और विश्वासों का सम्मान करते हुए भी तर्क, ज्ञान और सही जानकारी के लिए अपने मन को खुला रखना जरूरी है, इसलिए सीखना कभी बंद नहीं करना चाहिए। हमें कभी भी, कहीं भी निरंतर सीखने का प्रयास करते रहना चाहिए और अपने कौशल का विकास करते रहना चाहिए। अपने जीवन के अनुभव से मैं यह महसूस करती हूँ कि जब हम किसी काम को स्वयं करते हैं, तो उसे अच्छी तरह समझ पाते हैं। उदाहरण के लिए, जब मैं बच्चों को पढ़ाते हुए केवल उन्हें समझाने के बजाय किसी गतिविधि में उन्हें स्वयं करके दिखाती हूँ, तब बच्चों ने उस बात को अधिक आसानी से और रुचि के साथ सीखा। इससे मुझे समझ में आया कि स्वयं करके सीखना बच्चों के लिए अधिक यादगार और अनुभवात्मक बना देता है।
मंजुला सागर

आज के सत्र में “Childhood Memories and Father’s Warning” तथा “The Midwife” जैसे भावपूर्ण अंशों को सुनने और समझने का अवसर मिला। इन अंशों के माध्यम से बचपन की यादों, परिवार के साथ बिताए पलों, माता-पिता के स्नेह और जीवन में आने वाली कठिन परिस्थितियों को समझने का अवसर मिला। कहानी में पिता की चेतावनी और उनके अनुभवों से यह महसूस हुआ कि माता-पिता द्वारा दी गई सीख के पीछे हमेशा बच्चों की सुरक्षा और भलाई की भावना होती है।

“The Midwife” के प्रसंग ने मुझे विशेष रूप से प्रभावित किया। इसमें कठिन परिस्थिति के बीच एक माँ और उसके परिवार की भावनाओं तथा एक मिडवाइफ की जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को दर्शाया गया है। इससे यह सीख मिली कि विपरीत परिस्थितियों में घबराने के बजाय धैर्य, समझदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए।

इस सत्र से मुझे यह भी समझ आया कि बचपन की घटनाएँ हमारे व्यक्तित्व और सोच पर गहरा प्रभाव डालती हैं। परिवार से मिले संस्कार, माता-पिता की सीख और जीवन के अनुभव हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। एक शिक्षक के रूप में मुझे यह सीख मिली कि बच्चों की भावनाओं और उनके पारिवारिक अनुभवों को समझना भी उतना ही आवश्यक है, जितना उन्हें केवल पाठ पढ़ाना।

कुल मिलाकर, यह सत्र मेरे लिए भावनात्मक और सीख से भरपूर रहा। इससे मुझे परिवार के महत्व, संवेदनशीलता, धैर्य और जिम्मेदारी का महत्व समझने का अवसर मिला।
ममता

इस कहानी “The Midwife” को पढ़कर मुझे यह महसूस हुआ कि जीवन में सीखने की प्रक्रिया केवल किताबों तक सीमित नहीं होती। माँ ने अपने अनुभव, साहस और आत्मविश्वास के बल पर एक कठिन जिम्मेदारी निभाई और लोगों की मदद की।

इस कहानी से मुझे यह सीख मिली कि किसी भी चुनौती के सामने धैर्य, आत्मविश्वास और सीखने की इच्छा हमें आगे बढ़ने की शक्ति देती है। साथ ही, यह भी समझ आया कि दूसरों की सहायता करते समय अनुभव के साथ सही ज्ञान और आवश्यक प्रशिक्षण भी बहुत महत्वपूर्ण है।

एक शिक्षक के रूप में मैं मानती हूँ कि हमें बच्चों में भी आत्मनिर्भरता, साहस, संवेदनशीलता और सीखने की जिज्ञासा विकसित करनी चाहिए, ताकि वे कठिन परिस्थितियों का समझदारी से सामना कर सकें।
Swati Tripathi

Educated पुस्तक से मुझे यह सीख मिली कि शिक्षा का अर्थ केवल पढ़ना और अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं है। सच्ची शिक्षा हमें प्रश्न करना, स्वयं सोचना और सही निर्णय लेना सिखाती है।

तारा के जीवन से यह समझ आता है कि कठिन परिस्थितियाँ भी हमें बहुत कुछ सिखाती हैं। उसके संघर्ष और अनुभव ही उसकी पाठशाला बने।

एक शिक्षक के रूप में मैंने महसूस किया कि बच्चे किसी बात को केवल सुनकर जल्दी भूल सकते हैं, लेकिन जब वे स्वयं करके सीखते हैं, तो वह सीख लंबे समय तक याद रहती है। इसलिए मैं बच्चों को प्रश्न पूछने, उत्तर खोजने और अपने अनुभवों से सीखने के अवसर देने का प्रयास करता हूँ। अपने जीवन के अनुभव भी मैं बच्चों से साझा करता हूँ, ताकि उनमें आत्मविश्वास और मेहनत की भावना बढ़े।

Educated ने मुझे यह समझाया कि शिक्षक का काम केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में सोचने और सीखने की क्षमता विकसित करना भी है। किताबें ज्ञान देती हैं, लेकिन अनुभव उस ज्ञान को जीवन से जोड़ता है।

Ravi Prakash

तारा के जीवन के बारे में पढ़ते हुए मैंने महसूस किया कि सीखना केवल विद्यालय जाने और किताबें पढ़ने तक सीमित नहीं है। व्यक्ति अपने परिवार, वातावरण, परिस्थितियों और जीवन में मिलने वाले अनुभवों से भी बहुत कुछ सीखता है। तारा के जीवन में औपचारिक शिक्षा का अभाव था, लेकिन उसके आसपास के अनुभवों ने उसमें समझ, जिज्ञासा और सीखने की इच्छा विकसित की।

तारा के अनुभवों ने मुझे अपने जीवन और अपने शिक्षण अनुभवों की ओर देखने के लिए प्रेरित किया। एक शिक्षिका के रूप में मैंने भी महसूस किया है कि बच्चे केवल पाठ्यपुस्तक से नहीं सीखते। वे अपने घर, परिवार, मित्रों, खेल, गतिविधियों और आसपास के वातावरण से लगातार कुछ न कुछ सीखते रहते हैं।

मेरे अनुभव में कुछ बच्चे किताबों में जल्दी उत्तर नहीं दे पाते, लेकिन जब वही बात किसी गतिविधि, कहानी या उनके अपने जीवन के उदाहरण से समझाई जाती है, तो वे बहुत आसानी से उसे समझ लेते हैं। इससे यह समझ विकसित होती है कि बच्चे की क्षमता को केवल उसके लिखित उत्तर से नहीं आँकना चाहिए, बल्कि उसके अनुभव और सोच को भी समझना चाहिए।

यदि वास्तव में देखा जाए, तो परिस्थितियाँ हमेशा हमारे अनुकूल नहीं होतीं, लेकिन अनुभव हमें आगे बढ़ने की दिशा दे सकते हैं। इसलिए विद्यार्थियों को केवल सही उत्तर देने के लिए प्रेरित नहीं करना चाहिए, बल्कि उन्हें प्रश्न पूछने, सोचने, अपने अनुभव साझा करने और स्वयं सीखने के अवसर देना चाहिए।

तारा के अनुभवों से यह सीख मिलती है कि जीवन स्वयं एक विद्यालय है और हर अनुभव एक शिक्षक। एक शिक्षक की जिम्मेदारी केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों के अनुभवों को पहचानकर उन्हें सीखने की शक्ति में बदलना भी है। यही मेरे लिए शिक्षा का वास्तविक अर्थ है।
सरोज पटेल

तारा वेस्टओवर की किताब का यह अंश दो बेहद अलग महिलाओं—लेखिका की माँ और दाई—के चरित्र और उनके समाज में स्थान को खूबसूरती से दर्शाता है। पहली नज़र में यह दृश्य जड़ी-बूटियों के लेन-देन का लगता है, लेकिन गहराई से देखने पर यह पितृसत्तात्मक और रूढ़िवादी समाज में महिलाओं की आंतरिक असुरक्षा और ताकत के टकराव को दिखाता है।

एक तरफ दाई का किरदार है, जिसके पास कोई औपचारिक डिग्री या लाइसेंस नहीं है, फिर भी वह पूरे आत्मविश्वास से भरी है। उसके भारी शरीर, बेतरतीब बाल और बिना मेकअप वाले चेहरे से उसका समाज की परवाह न करने वाला बेबाकपन झलकता है। वह अपने ‘रसूख’ और हुनर के दम पर खुद को साबित करती है।

दूसरी तरफ लेखिका की माँ हैं, जो पारंपरिक रूप से सुंदर हैं, हर सुबह सजती-संवरती हैं, लेकिन भीतर से घबराहट और असुरक्षा से भरी हैं। वे दाई के सामने खुद को छोटा महसूस करती हैं और अनजाने में ही सही, हर बात के लिए माफी माँगती हैं। यह दिखाता है कि कैसे समाज महिलाओं को हमेशा ‘परफेक्ट’ और दूसरों को खुश रखने के साँचे में ढाल देता है।

अंश का अंत तारा के अकेलेपन को उजागर करता है, जो स्कूल न जाने के कारण अपनी जैसी सहेलियों के लिए तरसती है। यह पूरा प्रसंग शिक्षा, पहचान और आत्मविश्वास के बीच के जटिल रिश्ते को बहुत ही मार्मिक ढंग से बयाँ करता है।
लवकुश सिंह यादव

Chapter 2 “Midwife” पर चर्चा करते हुए मुझे यह समझने का अवसर मिला कि शिक्षा केवल ज्ञान देने का नाम नहीं है, बल्कि किसी के भीतर छिपी क्षमता को बाहर लाने की प्रक्रिया भी है। जैसे एक दाई बच्चे को जन्म देने में सहायता करती है, वैसे ही एक शिक्षक बच्चों के विचारों, आत्मविश्वास और प्रतिभा को जन्म लेने में सहयोग करता है।

इस अध्याय से मैंने सीखा कि शिक्षक को बच्चों के लिए हर उत्तर तैयार करके देने के बजाय उन्हें सोचने, समझने और स्वयं आगे बढ़ने का अवसर देना चाहिए। एक अच्छे शिक्षक की भूमिका केवल पढ़ाने की नहीं, बल्कि सही समय पर सही दिशा देने की होती है।

मेरे लिए सबसे बड़ी सीख यह रही कि शिक्षक बच्चे को बदलता नहीं, बल्कि उसके अंदर छिपे बेहतर रूप को सामने आने में मदद करता है।
सुनीता त्रिपाठी

शिक्षा केवल किताबों और कक्षा की चारदीवारी में नहीं, बल्कि जीवन के साक्षात्कार और अनुभवों से भी मिलती है।

Educated पुस्तक का यह पाठ हमें यह सोचने पर मजबूर करता है कि शिक्षा का अर्थ केवल किताबों के पन्ने पढ़ लेना या परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त कर लेना नहीं है। सच्ची शिक्षा वह है, जो हमें जीवन को समझना, प्रश्न करना और सही निर्णय लेना सिखाए। तारा के जीवन की कल्पना कीजिए—एक ऐसा बच्चा जिसे विद्यालय से दूर रखा गया, लेकिन जीवन ने उसे हर दिन एक नया पाठ पढ़ाया। परिस्थितियाँ उसकी किताब थीं, संघर्ष उसका शिक्षक था और उसके अनुभव ही उसकी पाठशाला। उसने जाना कि दुनिया को समझने के लिए केवल दूसरों की कही बात मान लेना पर्याप्त नहीं; कभी-कभी हमें स्वयं प्रश्न करना पड़ता है, स्वयं देखना पड़ता है और स्वयं अनुभव करना पड़ता है।

एक शिक्षक के रूप में इस विचार ने मुझे भीतर तक छुआ। मैंने महसूस किया कि जब बच्चा केवल मेरी बात सुनता है, तो वह शायद उसे याद रखता है; लेकिन जब वह किसी बात को स्वयं अनुभव करता है, तो वह उसे जीवनभर अपने साथ लेकर चलता है। ऐसा मेरा स्वयं का प्रत्यक्ष अनुभव भी है। मैं जिस चीज से मोटिवेट होकर उसे लगन से करने का प्रयास करती थी, वे बचपन की यादें आज भी मुझे याद हैं। कभी-कभी मैं कक्षा में भी बच्चों के समक्ष इन प्रयासों को बताती हूँ, ताकि जो बच्चे हतोत्साहित एवं निराश लगते हैं, उनके चेहरे पर भी प्रसन्नता दिखाई दे और वे भी पूरी लगन एवं मेहनत के साथ काम करने की कोशिश करें।

किसी भी चीज को बच्चा किताब में पढ़कर भूल सकता है। लेकिन यदि इस चीज को वह स्वयं करके सीखता है, तो उस काम को करने के लिए वह स्वयं को जिम्मेदार मानता है और उसे पूरी लगन के साथ भी करता है। ऐसा करके उसे स्वयं भी यह एहसास होता है कि सीखना केवल पाठ का विषय नहीं, बल्कि जीवन का हिस्सा है।

यहीं से मेरी सोच बदलती है—मुझे बच्चों को केवल पढ़ाना नहीं है, मुझे उन्हें सीखने के अवसर देने हैं। जैसे—कक्षा में कभी-कभी प्रश्न पूछकर बच्चे को स्वयं उत्तर खोजने देना।

तारा का संघर्ष हमें यही संदेश देता है कि शिक्षा मनुष्य को केवल जानकारी नहीं देती, बल्कि अपनी सोच बनाने की स्वतंत्रता देती है। आज एक शिक्षक के रूप में मेरा संकल्प है कि मैं बच्चों को केवल यह नहीं बताऊँगी कि क्या सही है, बल्कि उन्हें यह समझने का अवसर भी दूँगी कि क्यों सही है और वे इसे अपने जीवन में कैसे देख सकते हैं।

क्योंकि—किताबें हमें ज्ञान देती हैं, लेकिन जीवन उस ज्ञान को अर्थ देता है। शिक्षक रास्ता दिखा सकता है, पर अनुभव बच्चे को उस रास्ते पर चलना सिखाता है। यही Educated से मिली सबसे खूबसूरत सीख है—शिक्षा वह नहीं जो केवल दिमाग में जमा हो जाए; शिक्षा वह है जो सोच बदल दे, दृष्टिकोण बदल दे और अंततः जीवन बदल दे।
गुलाबी

आज की कहानी में यह दिखाया गया कि एक बच्चा परिवार, समाज, हर जगह शिक्षा एवं ज्ञान प्राप्त करता है। जरूरी नहीं है कि वह विद्यालय में ही सब कुछ सीखे। एक बच्चे की कहानी है, जिसमें वह बच्ची पढ़ी-लिखी नहीं है, लेकिन वह अपने माता-पिता के बीच रहकर अपने माता-पिता से सब कुछ सीखती है कि कैसे उसके माता-पिता संघर्ष कर रहे हैं। इस कहानी में एक दाई से लेकर एक सिपाही तक की कहानी दिखाई गई है कि उसके सामने ही उसके माता-पिता एवं भाई पर जो संकट आता है, वह खुद उसको देखती है।

इस कहानी में व्यक्ति के जीवन के अलग-अलग कामों को दर्शाया गया है कि हर व्यक्ति का जीवन कितना संघर्षमय रहता है। हर व्यक्ति अपने जीवन में आए संघर्षों को झेलते हुए सभी समस्याओं को दूर करते हुए आगे बढ़ता है।
अशोक कुमार मौर्य

इस अध्याय से हमें यह सीख मिलती है कि किसी भी नए कार्य को सीखने के लिए आत्मविश्वास, धैर्य और निरंतर अभ्यास की आवश्यकता होती है। तारा की माँ शुरू में दाई का कार्य करने को लेकर झिझक और घबराहट महसूस करती हैं, लेकिन धीरे-धीरे अनुभव प्राप्त करती हैं। इससे मुझे यह समझने की प्रेरणा मिलती है कि विद्यार्थियों को भी किसी नए कार्य या विषय को सीखते समय तुरंत परिणाम की अपेक्षा नहीं करनी चाहिए।

एक शिक्षक के रूप में हमारा यह दायित्व है कि हम अपने विद्यार्थियों की झिझक और भय को समझकर उन्हें प्रोत्साहित करें तथा सीखने के लिए सुरक्षित और सहयोगपूर्ण वातावरण प्रदान करें। साथ ही, यह अध्याय हमें यह भी सिखाता है कि आत्मनिर्भरता अच्छी बात है, लेकिन आवश्यक ज्ञान और उचित मार्गदर्शन के महत्व को भी समझना चाहिए।
मनोज कुमार


No comments:

Post a Comment

Blog Archive