Saturday, September 12, 2026

शिक्षा, परिस्थितियाँ और सही चुनाव - सनबीम ग्रामीण स्कूल


Educated by Dr Tara Westover, narrated by Brinda Ghosh, every Saturday at 3:30 PM

Reflection Chapter 1 – Choose the Good

को पढ़ते समय मुझे सबसे पहले Tara Westover का बचपन बहुत अलग और असामान्य लगा। वह Idaho के पहाड़ी इलाके में अपने परिवार के साथ रहती थीं, जहाँ उनका परिवार बाहरी समाज से काफी अलग जीवन जीता था। उनके पिता का सरकार और बाहरी संस्थाओं पर विश्वास नहीं था। इसलिए Tara और उनके भाई-बहनों का स्कूल जाना और अस्पताल जैसी सामान्य सुविधाओं का उपयोग करना उनके जीवन का हिस्सा नहीं था।

इस अध्याय की घटनाओं को पढ़कर मुझे सबसे ज्यादा आश्चर्य इस बात पर हुआ कि Tara के लिए ऐसी जिंदगी सामान्य थी। जिस तरह हम स्कूल जाने, डॉक्टर के पास जाने और सुरक्षित वातावरण में रहने को अपने जीवन का सामान्य हिस्सा मानते हैं, Tara के बचपन में ये चीजें बहुत अलग थीं। इससे मुझे महसूस हुआ कि हम जिस वातावरण में बड़े होते हैं, उसे ही अक्सर अपनी पूरी दुनिया समझने लगते हैं। Tara और उनके भाई-बहनों का कम उम्र में ही परिवार के कामों में शामिल होना भी मुझे बहुत प्रभावित करता है। पहाड़ों पर काम करना और घर की जिम्मेदारियों में हाथ बँटाना उनके रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा था। इसे पढ़ते हुए मुझे लगा कि बच्चों के जीवन में शिक्षा और अपने आसपास की दुनिया को जानने का अवसर कितना महत्वपूर्ण है।

स्कूल जाना, किताबें पढ़ना और अलग-अलग लोगों से विचार साझा करना मेरे लिए सामान्य बातें हैं, लेकिन Tara की कहानी ने मुझे समझाया कि ये अवसर हर बच्चे को समान रूप से नहीं मिलते।

मेरे लिए इस अध्याय की सबसे महत्वपूर्ण सीख यह है कि हमारी परिस्थितियाँ हमारी सोच को प्रभावित करती हैं, लेकिन नई चीजें सीखने और अलग दृष्टिकोण समझने से हमारी सोच का विस्तार हो सकता है। Tara की कहानी ने मुझे दूसरों को उनके अनुभवों के आधार पर समझने और बिना तुरंत निर्णय लिए उनकी परिस्थितियों को देखने की सीख दी। किसी व्यक्ति की सोच उसके वातावरण से बनती है, लेकिन सीखने और नई चीजों को समझने का अवसर मिलने पर वह अपनी सोच को बदल भी सकता है।

Manjula Sagar

आज की क्लास में यह दिखाया गया कि एक 7 वर्ष की बच्ची, जो अभी विद्यालय नहीं जाती है, अपने सभी भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। बच्ची को डर लगता था कि मेरे पास मेरे जन्म का न तो कोई जन्म प्रमाण पत्र है, न ही किसी प्रकार का कोई सर्टिफिकेट। मेरा किसी विद्यालय में एडमिशन कैसे होगा?

इस कहानी से यह स्पष्ट होता है कि जन्म प्रमाण पत्र बच्चों के लिए कितना जरूरी होता है। वह बच्ची प्राकृतिक दृश्यों को देखती है और उसके बारे में तरह-तरह के विचार सोचती है। पहाड़ियों, झरनों, पेड़-पौधों और बहती हुई हवाओं आदि प्राकृतिक पर्यावरण की खुशियों का वर्णन दिखाया गया है और वह बच्ची इस पर्यावरण में अपने माता-पिता को भी जोड़ी हुई है।
अर्थात् आज की क्लास में प्राकृतिक दृश्यों का काफी वर्णन किया गया है। 

अशोक कुमार मौर्य

आज की कक्षा मेरे लिए केवल एक कहानी देखने का अनुभव नहीं थी, बल्कि बच्चों के जीवन, उनकी आवश्यकताओं और उनके अधिकारों को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी थी। कक्षा में दिखाई गई 7 वर्ष की बच्ची की कहानी ने मुझे विशेष रूप से प्रभावित किया। बच्ची अभी विद्यालय नहीं जाती थी और अपने सभी भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसके मन में यह चिंता थी कि जब उसके पास जन्म प्रमाण पत्र या कोई अन्य प्रमाण पत्र नहीं है, तो उसका विद्यालय में प्रवेश कैसे होगा। इस प्रसंग ने मुझे यह सोचने पर मजबूर किया कि एक छोटे बच्चे के लिए एक आवश्यक दस्तावेज का न होना भी कितनी बड़ी चिंता का विषय बन सकता है।

कक्षा का दूसरा महत्वपूर्ण पक्ष बच्ची का प्राकृतिक पर्यावरण के प्रति आकर्षण था। वह पहाड़ियों, झरनों, पेड़-पौधों और बहती हुई हवाओं को देखकर अपने मन में अनेक विचार और कल्पनाएँ करती है। वह प्रकृति की सुंदरता में अपने माता-पिता को भी जोड़कर देखती है। इस दृश्य ने मुझे यह अनुभव कराया कि प्रकृति बच्चों के लिए केवल देखने की वस्तु नहीं, बल्कि सीखने, सोचने और अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का एक सुंदर माध्यम भी है।

एक अच्छा शिक्षक वही है जो बच्चों की आवश्यकताओं को समझे, उनकी भावनाओं का सम्मान करे और उन्हें सीखने के लिए ऐसा वातावरण प्रदान करे, जहाँ वे सुरक्षित महसूस करें, प्रश्न पूछ सकें और अपनी कल्पनाओं को व्यक्त कर सकें। साथ ही, हमें बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम और उसके संरक्षण की भावना भी विकसित करनी चाहिए।

Ravi Prakash

इस कहानी ने मुझे यह सोचने पर मजबूर किया कि हर बच्चा केवल किताबों से नहीं, बल्कि अपने आसपास की सोच और परिस्थितियों से भी सीखता है। Tara की कहानी में सबसे गहरी बात मुझे यह लगी कि जब किसी बच्चे के सामने सीखने के रास्ते सीमित कर दिए जाते हैं, तब भी उसके भीतर आगे बढ़ने की इच्छा एक नई राह खोज सकती है।

इससे मुझे महसूस हुआ कि शिक्षा केवल पढ़ना-लिखना सीखने का माध्यम नहीं, बल्कि अपने लिए सोचने और सही-गलत की समझने की आजादी भी है। कई बार बच्चे अपनी परिस्थितियों के कारण वह नहीं देख पाते, जो उनके लिए संभव है। ऐसे में किसी व्यक्ति का विश्वास, एक अवसर या एक छोटा सा प्रोत्साहन उनके जीवन की दिशा बदल सकता है। Tara की कहानी ने मुझे यह भी सिखाया कि बदलाव हमेशा बाहर की दुनिया बदलने से नहीं आता, कभी-कभी शुरुआत अपने भीतर सवाल पूछने से होती है। यही इस अध्याय की बात मुझे सबसे अधिक मन को छू गई।

सुनीता त्रिपाठी

बदलती परिस्थितियों को समझना और शिक्षा के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण

इस सत्र में लेखिका द्वारा प्रस्तुत प्रसंग को पढ़कर मैंने अपने बारे में यह महसूस किया कि एक शिक्षिका के रूप में मुझे बच्चों की परिस्थितियों को केवल उनके व्यवहार या पढ़ाई के परिणामों से नहीं समझना चाहिए। प्रत्येक बच्चे के पीछे उसका परिवार, उसकी मान्यताएँ, परंपराएँ, सामाजिक वातावरण और सुरक्षा से जुड़ी चिंताएँ होती हैं।

लेखिका ने परिवार और बच्चे के बीच बदलती परिस्थितियों को जिस तरह प्रस्तुत किया है, उससे मुझे यह सोचने का अवसर मिला कि यदि कोई बच्चा पारिवारिक मान्यताओं और आधुनिक शिक्षा के बीच उलझन महसूस करता है, तो शिक्षक की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण हो जाती है। बच्चे को सही-गलत बताने से पहले उसकी बात धैर्य से सुनना और उसके अनुभव को समझना चाहिए।

इस पाठ से यह भी सीख मिली कि शिक्षा का अर्थ केवल पाठ्यपुस्तक का ज्ञान देना नहीं है। शिक्षा बच्चे में सोचने, प्रश्न करने, परिस्थितियों को समझने, आत्मविश्वास विकसित करने और सुरक्षित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करती है। इसलिए कक्षा का वातावरण ऐसा होना चाहिए जहाँ बच्चा बिना डर अपनी बात रख सके।

भविष्य में यदि किसी बच्चे के व्यवहार में तनाव, डर या असमंजस दिखाई दे, तो उसे केवल अनुशासन की समस्या न मानकर उसके कारण को समझने का प्रयास करना चाहिए। साथ ही, परिवार की परंपराओं और मान्यताओं का सम्मान करते हुए बच्चे की शिक्षा, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए।

मेरे लिए लेखिका का यह प्रसंग एक सीख है कि एक संवेदनशील शिक्षिका वही है जो बच्चे को केवल पढ़ाती नहीं, बल्कि उसकी परिस्थितियों को समझकर उसे सुरक्षित और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का अवसर देती है।

सरोज पटेल

आज के सेशन से मेरे मन में एक विचार गहराई से आया—“जीवन हमें हर दिन दो रास्ते देता है, लेकिन हमारी पहचान इस बात से बनती है कि हम कौन-सा रास्ता चुनते हैं।” कई बार परिस्थितियाँ हमारे हाथ में नहीं होतीं, परिवार का वातावरण हमारे अनुकूल नहीं होता और संसाधनों की कमी हमारे सपनों के रास्ते में खड़ी होती है। लेकिन अपना चुनाव करना हमारे हाथ में होता है। इसका जीवंत उदाहरण स्वयं मेरी अपनी personal life से जुड़ी हुई है। मैं एक गाँव के एक ऐसे परिवार से हूँ, जहाँ मेरे घर में कोई भी पढ़ा-लिखा नहीं था। इसके बावजूद मेरे पिताजी का यह मानना था कि जिन परेशानियों को मैं झेल रहा हूँ, वे मेरे बच्चे न झेलें। मगर वहीं दूसरी तरफ गाँव वाले मेरे पिताजी को भड़काते थे कि “लड़कियों को ज्यादा पढ़ाने की जरूरत नहीं है। घर का काम ही उसके लिए पर्याप्त है।”

मेरे पिताजी गाँव वालों की बात को अनसुना कर दिए और हम चार बहनों को पढ़ाया। उनका यह मानना था कि अगर वे अपने भविष्य को बदलने के लिए पढ़ सकती हैं, तो मैं क्यों उनके सपनों को पूरा नहीं कर सकता? वे विरोधियों की बातों को नजरअंदाज करते हुए हम सभी को पढ़ाने का निर्णय लिए। अपने पिताजी के निर्णय को देखकर हम सभी बहने धीरे-धीरे कठिनाइयों के बावजूद मन लगाकर पढ़ाई करने लगीं।

यहाँ हमारी सबसे बड़ी जीत कोई परीक्षा पास करना नहीं था, बल्कि अपने पिताजी के विश्वास पर खरा उतरना था। हमारी सबसे बड़ी जीत थी परिस्थितियों के बजाय अपने भविष्य का चुनाव।

"एक शिक्षक के रूप में मेरी सीख" इस अध्याय ने मुझे यह सोचने पर मजबूर किया कि कक्षा में बैठा हर बच्चा समान परिस्थितियों से नहीं आता। कोई आर्थिक कठिनाई से जूझ रहा हो सकता है, कोई पारिवारिक दबाव से, तो कोई आत्मविश्वास की कमी से। ऐसे में एक शिक्षक के रूप में मेरा काम केवल पाठ पढ़ाना नहीं है। कभी-कभी बच्चे के भीतर वह विश्वास जगाना पड़ता है, जो उसे अपने आसपास से नहीं मिल पाता।

हो सकता है किसी बच्चे की कॉपी अधूरी हो, लेकिन उसका सपना बहुत बड़ा हो। हो सकता है वह कक्षा में चुप रहता हो, लेकिन उसके मन में बहुत सारे प्रश्न हों। इसलिए अब मैं केवल यह नहीं देखना चाहूँगी कि “बच्चे ने क्या नहीं किया?” बल्कि यह भी देखना चाहूँगी कि “बच्चा किन परिस्थितियों के बावजूद क्या करने की कोशिश कर रहा है?”

Choose the Good मेरे लिए केवल एक अध्याय का शीर्षक नहीं, बल्कि जीवन का मंत्र भी है। हर परिस्थिति में हमारे सामने विकल्प होते हैं—हार मानना या प्रयास करना, शिकायत करना या समाधान खोजना, डर के साथ रुक जाना या विश्वास के साथ आगे बढ़ना। कभी-कभी जीवन हमें अच्छा रास्ता आसानी से नहीं देता। हमें स्वयं अच्छे रास्ते का चुनाव करना पड़ता है, और शायद शिक्षा की सबसे बड़ी शक्ति भी यही है—वह बच्चे को केवल पढ़ना नहीं सिखाती, बल्कि अपने जीवन के लिए सही चुनाव करना सिखाती है।

“परिस्थितियाँ हमारे हाथ में नहीं होतीं, लेकिन उन परिस्थितियों में हमारा चुनाव हमारे हाथ में होता है। एक सही चुनाव… पूरी जिंदगी की दिशा बदल देता है।”

गुलाबी
Choose the Good

प्रत्येक बच्चे का पारिवारिक और सामाजिक वातावरण उसके व्यक्तित्व, सोच और सीखने की क्षमता को गहराई से प्रभावित करता है। एक शिक्षक के रूप में हमें यह समझना चाहिए कि सभी बच्चे समान परिस्थितियों से विद्यालय नहीं आते। कुछ बच्चों को घर से पर्याप्त शैक्षिक सहयोग मिलता है, जबकि कुछ बच्चे अनेक सीमाओं और चुनौतियों के बीच सीखने का प्रयास करते हैं।

तारा वेस्टओवर के जीवन से मुझे यह सीख मिलती है कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को स्वतंत्र रूप से सोचने और अपने जीवन के बारे में निर्णय लेने की क्षमता प्रदान करती है। इसलिए शिक्षक का दायित्व केवल पाठ पढ़ाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में जिज्ञासा, आत्मविश्वास और सही दृष्टिकोण विकसित करना भी है।
मैं अपने विद्यार्थियों की व्यक्तिगत परिस्थितियों को समझते हुए उन्हें बिना किसी भेदभाव के सीखने के अवसर देने और उनकी क्षमताओं को पहचानकर प्रोत्साहित करने का प्रयास करूँगा।

मनोज कुमार

"Choose the Good" (अच्छे को चुनो) तारा वेस्टओवर के जीवन का वह सबसे कठिन और क्रांतिकारी मोड़ है, जहाँ उन्हें अपनी पहचान और अपने परिवार में से किसी एक को चुनना था। एक तरफ उनका वह परिवार था, जिससे वह बेहद प्यार करती थीं, लेकिन जो बदले में उनसे अपनी बुद्धि, मानसिक शांति और सच्चाई की आहुति माँग रहा था। दूसरी तरफ शिक्षा, स्वतंत्रता और एक ऐसा बेहतर जीवन था, जिसकी राह अकेलेपन और अपनों के बिछोह से होकर गुजरती थी।
तारा के लिए इस 'अच्छे' को चुनने का फैसला कोई आसान सौदा नहीं था। इसका मतलब था उस कबाड़खाने और उन कट्टर मान्यताओं को पीछे छोड़ना, जिन्होंने बचपन से उनकी दुनिया को घेरा हुआ था। जब उन्होंने अपने भाई के शोषण के खिलाफ आवाज उठाई और अपने माता-पिता के अंधविश्वासों को मानने से इनकार कर दिया, तो उन्हें पूरे परिवार द्वारा झूठा और मानसिक रूप से बीमार घोषित कर दिया गया।

ऐसे चौराहे पर खड़े होकर, समाज अक्सर परिवार के प्रति अंध-वफादारी को 'अच्छा' मानता है, भले ही वह व्यक्ति को अंदर से खोखला कर दे। लेकिन तारा ने सच्ची शिक्षा के सार को समझा। उन्होंने जाना कि असली अच्छाई खुद के प्रति वफादार रहने और अपने आत्म-सम्मान की रक्षा करने में है।

इस चुनाव की कीमत बहुत भारी थी—उन्हें अपने माता-पिता और कई भाई-बहनों से हमेशा के लिए नाता तोड़ना पड़ा। लेकिन इस गहरे दर्द के बदले उन्हें जो मिला, वह था उनका अपना अस्तित्व। यह रिफ्लेक्शन हमें सिखाता है कि हम यह तय नहीं कर सकते कि हम कहाँ पैदा हुए हैं, लेकिन हम यह जरूर चुन सकते हैं कि हम किस ढर्रे पर जिएँगे। "Choose the Good" का यही संदेश है: चाहे अतीत कितना भी अंधकारमय क्यों न हो, सही रास्ते पर चलने का साहस हमेशा हमारे भीतर ही होता है।

लवकुश सिंह यादव
शिक्षा का महत्व और आत्मनिर्भरता

इस अंश को पढ़कर मुझे यह समझने का अवसर मिला कि शिक्षा केवल स्कूल जाने या किताबें पढ़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे सोचने, समझने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने की क्षमता देती है। लेखिका का बचपन सामान्य बच्चों से बहुत अलग था। उनके परिवार में बच्चों का स्कूल जाना, डॉक्टर के पास जाना और सरकारी व्यवस्था से जुड़ना भी नहीं होता था। इसके बावजूद लेखिका अपने आसपास की परिस्थितियों को समझने और अपने परिवार के जीवन को ध्यान से देखने का प्रयास करती थीं।

इस अंश से मुझे यह भी सीख मिली कि परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, सीखने की इच्छा व्यक्ति को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। शिक्षा हमें अपने अधिकारों और दुनिया के बारे में जागरूक बनाती है। एक शिक्षक के रूप में मुझे महसूस हुआ कि प्रत्येक बच्चे को सीखने का अवसर मिलना चाहिए, क्योंकि शिक्षा उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
ममता
"हर परिस्थिति में शिक्षा जरूरी है।"

मेरे विचार से जीवन में परिस्थिति कैसी भी हो, शिक्षा का महत्व कभी कम नहीं होता। कठिन समय में भी शिक्षा हमें सही रास्ता चुनने और समस्याओं का सामना करने की हिम्मत देती है। कई बार परिस्थितियाँ हमारे सामने ऐसी चुनौतियाँ खड़ी कर देती हैं, जिनके कारण पढ़ाई करना मुश्किल लगता है, लेकिन ऐसे समय में शिक्षा को जारी रखना और भी जरूरी हो जाता है।

शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमें जीवन को समझने, सही और गलत में अंतर करने तथा अपने निर्णय स्वयं लेने की क्षमता देती है। कठिन परिस्थितियों में शिक्षा ही हमारे अंदर आत्मविश्वास और उम्मीद बनाए रखती है।इसलिए मेरा मानना है कि चाहे परिस्थिति सामान्य हो या कठिन, शिक्षा को कभी नहीं छोड़ना चाहिए। शिक्षा एक ऐसा साधन है, जो हमें वर्तमान परिस्थितियों से बाहर निकलने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने में मदद करती है।
Chanchal

No comments:

Post a Comment

Blog Archive