इस पुस्तक से हमने सीखा कि कमजोरी या पीछे बैठने वाला बच्चा असफल नहीं होता, उसे केवल सही दिशा, विश्वास और प्रोत्साहन की आवश्यकता होती है। एक अच्छे शिक्षक का सच्चा प्रयास वही है, जो हर बच्चे को यह विश्वास दिलाए—“तुम कर सकते हो।”
यह पुस्तक हमारे लिए केवल पढ़ने की सामग्री नहीं, बल्कि एक संवेदनशील और बेहतर शिक्षक बनने की प्रेरणा बनकर हमेशा याद रहेगी।
सुनीता त्रिपाठी
Wanted Back-Bencher and Last-Ranker Teacher में रोमा माथुर (Roma Mathur) की कहानी है। यह कहानी पारंपरिक शिक्षा प्रणाली, अनुशासन और एक अनोखी शिक्षिका के सफर को दर्शाती है कि—
शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्रियाँ बाँटना या परीक्षा में अंक दिलाना नहीं है। पारंपरिक शिक्षा प्रणाली ने लंबे समय से 'रटंत विद्या' को बढ़ावा दिया है, जहाँ छात्र केवल परीक्षा पास करने के लिए तथ्यों को याद करते हैं और बाद में उन्हें भूल जाते हैं। इसके विपरीत, वास्तविक और सार्थक शिक्षा वह है, जो बच्चों को रटाने के बजाय उनकी समस्याओं को समझती है, उनमें सहानुभूति जगाती है और सीखने के प्रति एक स्वाभाविक जिज्ञासा पैदा करती है।
जब हम बच्चों को रटने के लिए मजबूर करते हैं, तो हम उनके भीतर के अनूठे रचनात्मक विचारक को मार देते हैं। हर बच्चा अलग गति से और अलग तरीके से सीखता है। एक बेहतरीन शिक्षक या शिक्षा प्रणाली वह है, जो छात्र के मानसिक और भावनात्मक स्तर पर जाकर उसकी व्यक्तिगत समस्याओं को पहचानती है। जब बच्चे को यह महसूस होता है कि उसे समझा जा रहा है, तो उसका डर दूर हो जाता है और वह खुलकर अपने विचार सामने रखता है।
इसके अलावा, शिक्षा में 'सहानुभूति' (Empathy) का होना सबसे महत्वपूर्ण है। एक ऐसा समाज जहाँ लोग केवल तार्किक रूप से बुद्धिमान हों, लेकिन दूसरों के दर्द के प्रति संवेदनशील न हों, कभी भी खुशहाल नहीं रह सकता। शिक्षा के माध्यम से बच्चों में दूसरों के प्रति करुणा और दया की भावना जगाना बेहद जरूरी है।
अंततः, जब रटने का दबाव हट जाता है और सहानुभूति का माहौल मिलता है, तो बच्चों के अंदर 'सीखने की जिज्ञासा' (Curiosity) पैदा होती है। यह जिज्ञासा उन्हें केवल स्कूल की किताबों तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें जीवनभर एक जिज्ञासु शिक्षार्थी (Lifelong Learner) बनाती है। वे 'क्या' और 'कैसे' के साथ-साथ 'क्यों' पूछना शुरू करते हैं। यही वह बुनियादी बदलाव है, जिसकी आज हमारी दुनिया को सबसे ज्यादा जरूरत है।
यह कहानी हमें सिखाती है कि 'बैक-बेंचर्स' या कम अंक लाने वाले छात्र कमजोर नहीं होते, बल्कि उनके सोचने का तरीका अलग होता है। एक बेहतरीन शिक्षक वह नहीं है, जो केवल टॉपर्स को और बेहतर बनाए, बल्कि वह है, जो आखिरी बेंच पर बैठे डरे हुए बच्चे के भीतर भी आत्मविश्वास जगा दे।
लवकुश सिंह यादव
यह पुस्तक शिक्षा के उस महत्वपूर्ण पहलू को सामने लाती है, जिसमें कक्षा के कमजोर, पीछे बैठने वाले या अंतिम स्थान पर रहने वाले बच्चों को समझने और उन्हें आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देती है। पुस्तक यह संदेश देती है कि किसी बच्चे की क्षमता केवल उसके परीक्षा परिणाम या रैंक से निर्धारित नहीं की जा सकती।
प्रत्येक बच्चा अलग-अलग क्षमता, रुचि और सीखने की गति लेकर कक्षा में आता है। इसलिए शिक्षक का कार्य केवल अच्छे प्रदर्शन करने वाले बच्चों पर ध्यान देना नहीं, बल्कि पीछे रह जाने वाले बच्चों को भी अवसर, प्रोत्साहन और सहयोग देना है।
यह पुस्तक किशोरावस्था के बच्चों के व्यवहार, उनकी भावनाओं और उनकी सीखने की आवश्यकताओं को समझने में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका को उजागर करती है।
किशोरावस्था में बच्चों के व्यवहार में कई प्रकार के परिवर्तन आते हैं। ऐसे समय में उन्हें डाँटना या उनकी गलतियों पर केवल ध्यान देने की बजाय उनकी भावनाओं को समझना और सही दिशा देना आवश्यक है।
इस पुस्तक से यह सीख मिलती है कि एक शिक्षक को प्रत्येक बच्चे के साथ धैर्य, संवेदनशीलता और अपनत्व के साथ व्यवहार करना चाहिए। विशेष रूप से कमजोर या पीछे रहने वाले बच्चों को अधिक सहयोग और प्रोत्साहन की आवश्यकता होती है।
यह पुस्तक निःस्वार्थ शिक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डालती है। शिक्षक का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना या अच्छे परिणाम प्राप्त करना नहीं होना चाहिए, बल्कि प्रत्येक बच्चे के व्यक्तित्व और प्रतिभा को पहचान कर, उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना होना चाहिए।
यह पुस्तक शिक्षक को बच्चों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित करती है। यदि शिक्षक बच्चे की कठिनाई को समझकर, उसकी रुचि के अनुसार सीखने के अवसर देता है, तो वह बच्चा भी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकता है।
एक शिक्षिका के रूप में इस पुस्तक ने मुझे प्रेरित किया कि मैं बच्चों के व्यवहार के पीछे छिपी उनकी भावनाओं और आवश्यकताओं को समझने का प्रयास करूँ तथा बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक बच्चे को सीखने और आगे बढ़ने का अवसर दूँ।
एक अच्छा शिक्षक वही है, जो बच्चों को केवल पढ़ाता नहीं, बल्कि उन्हें समझता है, उनका आत्मविश्वास बढ़ाता है और निःस्वार्थ भाव से उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्गदर्शन करता है।
सरोज पटेल
पुस्तक में लेखिका ने उन सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया है, जिन्होंने उनकी जीवन-यात्रा में उनका साथ दिया। इससे मुझे एहसास हुआ कि एक शिक्षक द्वारा दिया गया प्रोत्साहन, विश्वास और सहयोग विद्यार्थी के जीवन में लंबे समय तक याद रहता है।
इस सत्र में यह बात भी विशेष रूप से महसूस हुई कि हर बच्चा अलग क्षमता और परिस्थिति के साथ कक्षा में आता है। इसलिए शिक्षक को केवल आगे रहने वाले बच्चों पर ध्यान न देकर पीछे रहने वाले और सीखने में कठिनाई महसूस करने वाले बच्चों को भी समझना चाहिए। उन्हें उचित अवसर देना, प्रोत्साहित करना और उनकी क्षमताओं पर विश्वास करना एक शिक्षक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
ममता

No comments:
Post a Comment