Showing posts with label समावेशी-शिक्षा. Show all posts
Showing posts with label समावेशी-शिक्षा. Show all posts

Saturday, August 8, 2026

शिक्षक और विद्यार्थी के बीच विश्वास: संवेदनशील शिक्षा की ओर एक कदम- सनबीम ग्रामीण स्कूल

"हर बच्चा एक खुली किताब नहीं होता। कुछ बच्चों को पढ़ने के लिए शब्द नहीं, बल्कि संवेदनशील हृदय चाहिए।"

"Wanted Backbenchers, Last Ranker Teacher" पढ़ने से हमें यह एहसास हुआ कि शिक्षक का वास्तविक दायित्व केवल पढ़ाना नहीं, बल्कि हर विद्यार्थी के मन तक पहुँचना है। हम कक्षा में जब हर बच्चे के चेहरे की मासूमियत को देखते हैं, तो हमें यह एहसास होता है कि हर बच्चा एक जैसी परिस्थितियों से नहीं गुजरता। कोई पढ़ाई में पीछे है, कोई घर की समस्याओं से जूझ रहा है, तो कोई केवल इस इंतज़ार में है कि कोई उसकी बात बिना टोके सुन ले। एक शिक्षक के रूप में हमने कई बार अपनी बात बच्चों से कहने से पहले उनकी बातों को सुनना उचित समझा और विद्यार्थियों के बीच समन्वय बनाने के लिए अपना निर्णय सुनाने से पहले बच्चों की परिस्थिति को समझने का प्रयास करती हूँ। हमने कई बार देखा कि जो बच्चा सबसे अधिक शरारती या कमजोर दिखाई देता है, वही भीतर से सबसे अधिक स्नेह, विश्वास और मार्गदर्शन चाहता है।

इस पुस्तक ने हमें यह जानने का अवसर दिया कि किसी भी समस्या का समाधान डाँट या दंड से नहीं, बल्कि संवाद, धैर्य और विश्वास से निकलता है। कई बार हमने स्वयं यह महसूस किया है कि जब विद्यार्थी को यह विश्वास हो जाता है कि "शिक्षक उसके साथ है, उसके खिलाफ नहीं," तब सबसे कठिन विवाद भी धीरे-धीरे समाप्त होने लगते हैं। विद्यार्थी स्वयं अपनी गलतियों को स्वीकार करता है और उन्हें सुधारने का प्रयास करता है।

एक सच्चा शिक्षक वही है जो अंक नहीं, संभावनाएँ देखता है; कमियाँ नहीं, क्षमताएँ पहचानता है। शिक्षक का एक विश्वास भरा शब्द किसी विद्यार्थी के जीवन की दिशा बदल सकता है।

इस पुस्तक से हमें सबसे बड़ी सीख यह मिली कि शिक्षा का आधार केवल ज्ञान नहीं, बल्कि मानवीय संबंध हैं। जहाँ शिक्षक और विद्यार्थी के बीच विश्वास, सम्मान और संवेदनशीलता का समन्वय होता है, वहाँ हर समस्या का समाधान संभव हो जाता है और वहीं से वास्तविक शिक्षा का आरंभ होता है।
गुलाबी, सनबीम ग्रामीण स्कूल

इस पुस्तक का अध्ययन मेरे लिए एक प्रेरणादायक अनुभव रहा। पुस्तक ने यह स्पष्ट किया कि प्रत्येक विद्यार्थी अपने भीतर कोई न कोई विशेष क्षमता लेकर आता है। कई बार जो बच्चे पढ़ाई में पीछे रह जाते हैं या कक्षा में कम सक्रिय दिखाई देते हैं, उन्हें केवल सही मार्गदर्शन, विश्वास और प्रोत्साहन की आवश्यकता होती है।

इस पुस्तक को पढ़ने के बाद मेरी सोच में सकारात्मक परिवर्तन आया। मैंने महसूस किया कि एक शिक्षक का वास्तविक दायित्व केवल अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों का विकास करना भी है। यदि शिक्षक धैर्य, प्रेम और संवेदनशीलता के साथ बच्चों को समझे, तो वे अपनी कठिनाइयों को दूर करके सफलता की ओर बढ़ सकते हैं।

यह पुस्तक हमें यह भी सिखाती है कि किसी भी विद्यार्थी का मूल्यांकन केवल उसके परीक्षा परिणामों से नहीं करना चाहिए। प्रत्येक बच्चे को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलना चाहिए। एक प्रेरणादायक शिक्षक वही है जो हर बच्चे पर विश्वास करता है और उसे आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रेरित करता है।

एक शिक्षिका के रूप में मैं इस पुस्तक से प्राप्त शिक्षाओं को अपने दैनिक शिक्षण में अपनाने का प्रयास करूँगी। मैं प्रत्येक विद्यार्थी को समान सम्मान, प्रोत्साहन और सीखने के अवसर प्रदान करूँगी, ताकि कोई भी बच्चा स्वयं को उपेक्षित या असफल न समझे। मेरा विश्वास है कि प्रेम, धैर्य और सकारात्मक सोच से हर विद्यार्थी अपने जीवन में सफलता प्राप्त कर सकता है।
सुनीता त्रिपाठी, सनबीम ग्रामीण स्कूल

आज की क्लास में यह बताया गया कि छोटे बच्चों का क्लास में व्यवहार बिल्कुल ऊर्जावान, जिज्ञासु एवं ईमानदार वाला होता है। मन में जो आए, तुरंत बोल देते हैं, "मुझे वाशरूम जाना है", "वह लड़का मुझे चिढ़ा रहा है।" लगता है कि झूठ बोलना अभी सीखे नहीं होते। थोड़े पल में दोस्ती, थोड़ी देर में किताब के लिए लड़ाई, फिर 2 मिनट बाद बेस्ट फ्रेंड बनकर एक-दूसरे की मदद भी करते हैं और हम यह भी देखते हैं कि जो बच्चे पढ़ने में अच्छे होते हैं, वही बच्चे क्लास में शैतानी भी करते हैं और किसी भी तरह का प्रश्न करिए तो उसका उत्तर भी तुरंत दे देते हैं। अतः टीचर्स को चाहिए कि बच्चों को डाँटने के बजाय उन्हें प्यार से समझाना चाहिए एवं टीचर्स हँसमुख और खेल-खेल में पढ़ाने वाले होने चाहिए।
अशोक कुमार मौर्य, सनबीम ग्रामीण स्कूल

एक शिक्षक का दायित्व केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा, भावनाओं और आत्मविश्वास का भी ध्यान रखना है। इस संदर्भ में रोमा मैम ने एक अत्यंत संवेदनशील और प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति एक छात्रा को लगातार परेशान कर रहा था। स्थिति को गंभीरता से समझते हुए उन्होंने बिना किसी हंगामे के, साहस और समझदारी का परिचय दिया तथा अप्रत्यक्ष रूप से छात्रा की सहायता की। उनके विवेकपूर्ण प्रयासों से छात्रा उस व्यक्ति से सुरक्षित दूरी बना सकी और स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस करने लगी।

इस घटना से यह सीख मिलती है कि बच्चों की सहायता केवल प्रत्यक्ष हस्तक्षेप से ही नहीं, बल्कि सही समय पर सही निर्णय लेने, धैर्य रखने और परिस्थिति को समझदारी से संभालने से भी की जा सकती है। एक शिक्षक के रूप में हमें बच्चों का विश्वास जीतना चाहिए, उनकी बातों को ध्यान से सुनना चाहिए, उनके व्यवहार में आने वाले छोटे-छोटे बदलावों को समझना चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर संवेदनशीलता, गोपनीयता तथा उचित मार्गदर्शन के साथ उनका सहयोग करना चाहिए।

साहस और समझदारी का संतुलित प्रयोग ही बच्चों के लिए सुरक्षित, भरोसेमंद और सकारात्मक वातावरण का निर्माण करता है। यही एक शिक्षक की वास्तविक भूमिका और जिम्मेदारी है।
Swati Tripathi, Sunbeam Gramin School

Wanted Back Bencher and Last Ranker Teacher – Reflection

आज के सत्र में जब Lesson-11 का टॉम एंड जेरी नाम सुना तो पहले थोड़ा आश्चर्य हुआ, लेकिन जब पाठ में आगे बढ़ने के बाद समझ में आया कि टॉम एंड जेरी का रिश्ता प्यार और नफरत का अनूठा मेल है, जिसमें दुश्मनी के बीच भी छिपी हुई दोस्ती और एक-दूसरे के बिना अधूरापन शामिल है, तो यह समझ आया कि वे एक-दूसरे के विरोधी होकर भी मुसीबत आने पर एक टीम बन जाते हैं और एक-दूसरे की जान बचाते हैं।

इस अध्ययन ने मुझे कक्षा के वातावरण की ओर ले जाकर यह सोचने पर विवश किया कि कक्षा में शिक्षक और विद्यार्थी के बीच हमेशा डाँट का डर और विरोध का माहौल होगा, तो वह कक्षा सीखने का स्थान नहीं, बल्कि तनाव का स्थान बन जाएगी।

हर बच्चा अपने भीतर असीम संभावनाएँ लेकर आता है। कोई बच्चा तेज़ी से सीखता है, कोई धीरे-धीरे; कोई आत्मविश्वासी होता है, तो कोई अपनी बात कहने से भी डरता है। यह मुझे अपने स्कूल की याद दिलाता है। जब मैं छोटी थी और कुछ भी पूछने या बोलने से डरती थी और कभी-कभी सही उत्तर पता होने पर भी मैं बोल नहीं पाती थी, लेकिन एक शिक्षक, जो गणित के अध्यापक थे, उनके द्वारा मुझे प्रोत्साहित किया गया और मेरे अंदर से डर काफी हद तक दूर हुआ। आज जब उस जगह शिक्षक के रूप में खुद को खड़ा पाती हूँ, तो यह एहसास होता है कि हमारे छात्र भी उसी जगह पर आज खड़े हैं, जहाँ हम कभी खड़े थे। शिक्षक का कर्तव्य केवल पाठ पढ़ाना नहीं, बल्कि हर बच्चे की क्षमता को पहचानना और उसे आगे बढ़ने का अवसर देना है। मेरी कक्षा ऐसी होगी जहाँ हर बच्चे के लिए सीखना एक सकारात्मक चुनौती होगा। मेधावी बच्चों को नई ऊँचाइयों तक पहुँचने के अवसर मिलेंगे, औसत बच्चों को अपनी क्षमता पर विश्वास मिलेगा और कमजोर बच्चों को यह एहसास होगा कि वे भी सफल हो सकते हैं।

मैं ऐसी कक्षा का निर्माण करना चाहूँगी जहाँ हर बच्चा बिना डर के प्रश्न पूछ सके, अपनी गलतियों से सीख सके, अपनी प्रतिभा को पहचान सके और यह महसूस करे कि उनका शिक्षक हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। जब शिक्षक बच्चों के लिए प्रेरणा बन जाता है, तब कक्षा केवल एक कमरा नहीं रहती, बल्कि सपनों को साकार करने की सबसे सुंदर जगह बन जाती है।
मंजुला सागर, सनबीम ग्रामीण स्कूल

इस अध्ययन से—"एक सच्ची शिक्षिका केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देती, बल्कि वह एक माँ की तरह बच्चे के जीवन और सुरक्षा की ढाल बनती है। कक्षा में अक्षरों को सिखाने से लेकर, स्कूल के बाद बस स्टैंड तक सुरक्षित पहुँचाने तक का सफर... यह दिखाता है कि एक शिक्षक का दायित्व केवल स्कूल की घंटी बजने तक सीमित नहीं होता। यह स्नेह और जिम्मेदारी ही एक गुरु को भगवान का रूप बनाती है।"
लवकुश सिंह यादव, सनबीम ग्रामीण स्कूल

स्तरानुसार शिक्षण का मेरा अनुभव

कक्षा में प्रत्येक बच्चा अपनी अलग क्षमता, रुचि और सीखने की गति के साथ आता है। यदि एक शिक्षक बच्चों के स्तर को समझकर शिक्षा देने का प्रयास करे, तो बच्चों को सीखने का बेहतर अवसर मिल सकता है।

मुझे याद है, मेरी कक्षा में कुछ बच्चे कक्षा कार्य जल्दी से समाप्त करके कक्षा में शोर मचाते थे और कमजोर बच्चों को परेशान करते थे। पहले तो मुझे समझ नहीं आया कि वे ऐसा क्यों करते हैं। फिर एक दिन मैंने उन बच्चों को अपने पास बुलाया और उनसे प्यार से बात करके समझने का प्रयास किया। इससे मुझे यह ज्ञात हुआ कि वे बच्चे जल्दी सीखने वाले हैं। उन्हें उनकी सीखने की गति तथा रुचि के अनुसार कक्षा कार्य देना चाहिए, जिससे उन्हें और अधिक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल सके और कक्षा में शांति भी बनी रहे।

कक्षा में बच्चों के अलग-अलग सीखने के स्तर को समझकर उसी के अनुसार शिक्षण प्रारंभ करना मेरे लिए एक नया और सकारात्मक अनुभव रहा। पहले मैं सभी बच्चों को एक समान तरीके से पढ़ाने का प्रयास करती थी, लेकिन जब मैंने बच्चों की क्षमता, रुचि और सीखने की गति को ध्यान में रखकर गतिविधियाँ करानी शुरू कीं, तो बच्चों की सहभागिता में स्पष्ट बदलाव देखने को मिला।

कम गति से सीखने वाले बच्चों को अतिरिक्त सहयोग और सरल गतिविधियाँ देने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ा, वहीं जल्दी सीखने वाले बच्चों को उनकी क्षमता के अनुसार चुनौतीपूर्ण गतिविधियाँ देने से उनकी रुचि बनी रही।

इस अनुभव से मुझे यह समझ आया कि हर बच्चा अलग है और हर बच्चे को सीखने का समान अवसर मिलना चाहिए। शिक्षक का कार्य केवल पाठ पढ़ाना नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे को समझना, उसकी आवश्यकता के अनुसार मार्गदर्शन देना और उसे सीखने के लिए प्रेरित करना भी है।
बच्चों की सीखने की क्षमता के अनुसार शिक्षण ने मेरे शिक्षण को अधिक प्रभावी, आनंदमय और बाल-केंद्रित बनाया।
सरोज पटेल, सनबीम ग्रामीण स्कूल

"शिक्षक विद्यालय के बाहर भी बच्चों के मार्गदर्शक और सहयोगी होते हैं"

आज के सेशन में मैंने यह सीखा कि शिक्षक का कार्य केवल विद्यालय की चारदीवारी तक सीमित नहीं होता, बल्कि वे बच्चों के जीवन के हर महत्वपूर्ण पहलू में उनका मार्गदर्शन और सहयोग करते हैं।

ऐसी ही एक घटना हमारे साथ घटी। मैं स्कूल की छुट्टी के बाद घर जा रही थी। हमारे घर जाने का रास्ता कच्चा था और सुनसान जगह से होकर गुजरता था। उस समय बरसात का समय था। पूरी सड़क कीचड़ से भरी थी। स्कूल से थोड़ी ही दूर जाने पर मैंने देखा कि कक्षा दो की छात्रा अंशिका पटेल एक छोटी-सी साइकिल लेकर कीचड़ में फँसी हुई थी। उसकी साइकिल कीचड़ में सनी हुई थी, जिसके कारण साइकिल लेकर आगे बढ़ने में वह बच्ची असमर्थ थी। जब मैं उसके पास पहुँची, मेरे पूछने पर वह और तेज़ रोने लगी और कुछ बोल ही नहीं पा रही थी। उसी समय मैंने उसके आई-कार्ड से उसके पिता का नंबर लेकर उन्हें फोन किया और सारी बात बताई। वे बोले, "मैं 15 मिनट में वहाँ पहुँच जाऊँगा।" इसके बाद जब तक उसके पिता नहीं आए, मैं वहीं पर उसके साथ रुकी। जब उसके पिता आए, तो उन्होंने मुझे धन्यवाद कहा और अपनी बच्ची को लेकर वहाँ से चले गए।

इस अनुभव से मुझे यह सीख मिली कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि वे बच्चों के जीवन के हर महत्वपूर्ण पहलू में उनका मार्गदर्शन करते हैं। जब किसी बच्चे को विद्यालय के बाहर किसी प्रकार की समस्या या कठिनाई का सामना करना पड़ता है, तब भी शिक्षक उसकी सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।
चंचल, सनबीम ग्रामीण स्कूल

प्रत्येक बच्चे की क्षमता के अनुसार शिक्षण :
आज की सीख से मुझे यह समझ में आया कि प्रत्येक बच्चे की सीखने की गति और क्षमता अलग-अलग होती है। कक्षा में जहाँ कुछ बच्चों को अतिरिक्त सहयोग की आवश्यकता होती है, वहीं तेज गति से सीखने वाले बच्चों को उनकी क्षमता के अनुरूप चुनौतीपूर्ण कार्य देना भी उतना ही आवश्यक है। यदि ऐसे बच्चों को केवल सामान्य अभ्यास कार्य दिए जाएँ, तो वे उन्हें शीघ्र पूरा कर लेते हैं और उनका ध्यान भटक सकता है। इसलिए उन्हें सोचने, खोजने और नए विचार प्रस्तुत करने का अवसर देने वाले कार्य दिए जाने चाहिए।
तेज बच्चों को परियोजना कार्य, पुस्तक समीक्षा, पोस्टर या मॉडल निर्माण, पहेलियाँ बनाना, रचनात्मक लेखन, प्रश्न तैयार करना, किसी विषय पर प्रस्तुति देना तथा अपने साथियों की सीखने में सहायता करना जैसे कार्य दिए जा सकते हैं। इससे उनकी रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और समस्या-समाधान कौशल का विकास होता है। साथ ही वे अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करते हैं और पूरी कक्षा का सीखने का वातावरण भी बेहतर बनता है।
एक शिक्षक के रूप में हमारा दायित्व है कि हम प्रत्येक बच्चे की आवश्यकता और क्षमता को पहचानते हुए उसे उपयुक्त अवसर प्रदान करें, ताकि सभी बच्चों का संतुलित, आनंददायक और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके
ममता, सनबीम ग्रामीण स्कूल 

Blog Archive