कहा जाता है—“बच्चा वही नहीं बनता जो हम उसे सिखाते हैं, बल्कि वह भी बनता है जो वह अपने आसपास देखता है।”
"Educated" के इस अध्याय ने मुझे यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि परिवार बच्चे के जीवन की पहली पाठशाला है। परिवार का वातावरण उसके विचारों, व्यवहार और सपनों पर गहरी छाप छोड़ता है। लेकिन जब परिवार की परिस्थितियाँ कठिन हों, तब शिक्षा उस बच्चे के जीवन में उम्मीद की एक किरण बन सकती है।
एक बच्चा प्रतिदिन विद्यालय आता था, लेकिन हमेशा शांत रहता था। गृहकार्य अधूरा रहता, कक्षा में ध्यान नहीं देता और छोटी-सी बात पर चिड़चिड़ा हो जाता। कुछ लोगों ने उसे “लापरवाह बच्चा” मान लिया। एक दिन उसे डाँटने के बजाय उसके पास बैठकर मैंने केवल इतना पूछा—“तुम आज इतने चुप क्यों हो?”
बच्चे ने धीरे से कहा, “मैम, घर में रोज झगड़ा होता है। मैं रात को ठीक से सो नहीं पाता, इसलिए पढ़ाई में मन नहीं लगता।”
उसकी समस्या का समाधान अपने हाथ में लेने का दावा मैंने नहीं किया। मैं बस उसे सुनने लगी, उसकी छोटी-छोटी सफलताओं की सराहना की और उसे यह विश्वास दिलाया कि “तुम्हारी परिस्थितियाँ तुम्हारी पहचान नहीं हैं।”
कुछ समय बाद वही बच्चा कक्षा की गतिविधियों में भाग लेने लगा। उसके अंकों से भी अधिक महत्वपूर्ण परिवर्तन यह था कि अब वह अपने भविष्य के बारे में बात करने लगा था।
इस अनुभव से मुझे समझ आया कि हर कमजोर दिखाई देने वाला बच्चा कमजोर नहीं होता। कभी-कभी वह परिस्थितियों से संघर्ष करता है। ऐसे समय में शिक्षक का एक संवेदनशील व्यवहार बच्चे के भीतर छिपी संभावनाओं को बाहर ला सकता है। ऐसा मेरा स्वयं का अनुभव है।
परिवार की छाया चाहे कितनी भी गहरी क्यों न हो, शिक्षा की रोशनी बच्चे को अपना रास्ता खोजने का साहस दे सकती है। इसलिए शिक्षक का कार्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना ही नहीं है, बल्कि बच्चों के भीतर विश्वास जगाना भी है, जिससे जीवन में आगे बढ़ने की संभावना हमेशा बनी रहे।

No comments:
Post a Comment