Thursday, November 5, 2026

नई सोच, नई उड़ान: शिक्षा से स्वतंत्रता की ओर - मंजुला सागर

सोच में बदलाव ही एक नई शुरुआत है

Educated पुस्तक के इन पन्नों को पढ़कर मेरे मन में कई भावनाएँ जागृत हुईं। मुझे महसूस हुआ कि शिक्षा केवल अक्षर ज्ञान प्राप्त करना नहीं है, बल्कि यह इंसान को अपनी सोच बदलने, सही-गलत को समझने और जीवन को एक नई दिशा देने की शक्ति प्रदान करती है।

तारा के परिवार की रूढ़िवादी सोच और उसके पिता का शिक्षा के प्रति नकारात्मक दृष्टिकोण मुझे सोचने पर मजबूर करता है। वे पुरानी मान्यताओं को ही सही मानते थे और नई सोच को अपनाने के लिए तैयार नहीं थे। लेकिन तारा और उसके भाई टायलर के भीतर सीखने की जो इच्छा थी, वह हमें सिखाती है कि सपने देखने और आगे बढ़ने का अधिकार हर बच्चे को मिलना चाहिए। मुझे सबसे अधिक यह बात प्रभावित करती है कि जब परिवार का वातावरण ही शिक्षा के अनुकूल न हो, तब भी बच्चे के मन में ज्ञान प्राप्त करने की चाह जीवित रह सकती है।

इन अंशों से मुझे यह सीख मिली कि हमें पुरानी परंपराओं और मान्यताओं का सम्मान करते हुए भी उन रूढ़िवादी विचारों को छोड़ने का साहस रखना चाहिए, जो बच्चों के सपनों और भविष्य के रास्ते में बाधा बनते हैं।

समय बदल रहा है और दुनिया आगे बढ़ रही है, इसलिए हमारी सोच भी बदलनी चाहिए। यदि हम आज भी पुरानी सोच से बँधे रहेंगे, तो आने वाली पीढ़ी को नए अवसरों से कैसे जोड़ पाएँगे?

एक शिक्षिका होने के नाते मैं सोचती हूँ कि हमारी कक्षा में भी हर बच्चा अपनी एक अलग दुनिया लेकर आता है। किसी बच्चे की पढ़ाई में रुचि नहीं होती, कोई सवाल पूछने से डरता है, तो कोई अपनी प्रतिभा व्यक्त नहीं कर पाता। ऐसे में हमें उसे कमजोर समझने के बजाय उसकी भावनाओं और परिस्थितियों को समझना चाहिए। हमें बच्चों पर अपनी सोच थोपने के बजाय उनकी स्वतंत्र सोच विकसित करने का अवसर देना चाहिए।

मैं चाहती हूँ कि मेरे पढ़ाए हुए बच्चे केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि स्वतंत्र रूप से सोचें, सवाल करें, नई चीजें सीखें और अपने सपनों को पूरा करने का साहस रखें।

इस पुस्तक ने मुझे एक गहरी बात समझाई कि यदि हम बच्चों को वही सोच देंगे, जिसे हम वर्षों से मानते आए हैं, तो शायद वे कभी अपनी नई राह नहीं बना पाएँगे। हमें बच्चों के पंख काटने वाले नहीं, बल्कि उन्हें उड़ान देने वाले बनना है। क्योंकि एक शिक्षक की बदली हुई सोच किसी बच्चे का भविष्य बदल सकती है।

शिक्षा का असली उद्देश्य ही यही है—मन को स्वतंत्र करना, सोच को नई दिशा देना और जीवन में आगे बढ़ने का साहस जगाना।

मंजुला सागर
सनबीम ग्रामीण स्कूल

No comments:

Post a Comment

Blog Archive