एजुकेटेड पुस्तक के आठवें अध्याय को पढ़ते हुए मुझे महसूस हुआ कि कई बार हम अपनी जिम्मेदारियों, परिस्थितियों और दूसरों की अपेक्षाओं के बीच अपनी इच्छाओं और रुचियों को भूल जाते हैं। हम वही करते रहते हैं, जो हमारे आसपास के लोग हमसे अपेक्षा करते हैं, लेकिन यह नहीं सोचते कि हम स्वयं क्या सीखना और करना चाहते हैं।
तारा का 11 वर्ष की उम्र में अपने लिए काम ढूँढ़ना और पियानो तथा नृत्य सीखने की इच्छा रखना मुझे बहुत प्रभावित करता है। उसके अंदर सीखने की ललक है। वह अपने आसपास की दुनिया को समझना चाहती है और नए लोगों से जुड़ना चाहती है।
इससे मुझे अपने जीवन के बारे में सोचने का अवसर मिला। कई बार मैं भी नई चीजें सीखने या कुछ नया करने के बारे में सोचती हूँ, लेकिन जिम्मेदारियों और समय की कमी के कारण उन इच्छाओं को टाल देती हूँ। कभी-कभी यह सोचकर भी रुक जाती हूँ कि लोग क्या कहेंगे या मैं यह कर पाऊँगी या नहीं।
लेकिन तारा का अनुभव मुझे यह समझाता है कि यदि हम स्वयं को अवसर नहीं देंगे, तो अपनी क्षमताओं को पहचान भी नहीं पाएँगे। तारा दूसरी लड़कियों के साथ नृत्य करते हुए अपनेपन का अनुभव करती है। इससे समझ आता है कि जीवन में नए लोगों से जुड़ना, उनके साथ कुछ सीखना और अपने अनुभव साझा करना हमारे अंदर आत्मविश्वास पैदा करता है।
इस अध्याय से यह शिक्षा मिलती है कि हमें अपनी इच्छाओं को केवल परिस्थितियों के कारण दबाना नहीं चाहिए। स्वयं को नए अवसर देने चाहिए, नई चीजें सीखनी चाहिए और अपनी पहचान बनाने का प्रयास करना चाहिए।
मेरा मानना है कि स्वयं को बेहतर बनाने की शुरुआत तभी होती है, जब हम खुद को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं।
सरोज पटेल
सनबीम ग्रामीण स्कूल

No comments:
Post a Comment