तारा वेस्टओवर की पुस्तक Educated का यह अंश केवल एक परिवार की कहानी नहीं है, बल्कि हमारे समाज में मौजूद रूढ़िवादिता और आधुनिकता के बीच संघर्ष को भी दर्शाता है। सामाजिक दृष्टिकोण से देखें तो यह अंश बताता है कि कैसे एक कट्टर और अलग-थलग वातावरण में पला-बढ़ा बच्चा जब पहली बार मुख्यधारा के समाज से जुड़ता है, तो उसे अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
सबसे पहले, यह अंश सामाजिक अलगाव (Social Isolation) के प्रभाव को उजागर करता है। तारा के पिता आधुनिक व्यवस्था, सरकार और बाहरी लोगों को संदेह की दृष्टि से देखते हैं। जब बच्चों को स्कूल और अन्य सामाजिक गतिविधियों, जैसे दूसरे बच्चों के साथ मेलजोल, से दूर रखा जाता है, तो उनके सामाजिक विकास और अनुभवों का दायरा सीमित हो जाता है।
दूसरा महत्वपूर्ण बिंदु समाजीकरण और पहचान का संकट है। नृत्य कक्षा में जब तारा अन्य लड़कियों के साथ खड़ी होती हैं, तो उनके कपड़ों और व्यवहार में अंतर उन्हें समाज में अलग या बाहरी होने का एहसास कराता है। यह दर्शाता है कि समाज के निर्धारित मानकों और परिवार की सीमित सोच के बीच फँसा व्यक्ति अक्सर असहजता और आत्महीनता का अनुभव करने लगता है।
इसके अलावा, इस अंश में पितृसत्तात्मक समाज में महिलाओं की स्थिति भी स्पष्ट रूप से झलकती है। तारा की माँ अपने पति के कट्टर नियमों का खुलकर विरोध नहीं कर पातीं, लेकिन चुपचाप अपनी बेटी के लिए नृत्य के कपड़े खरीदकर वे एक मौन विद्रोह करती हैं। यह उन महिलाओं का प्रतिनिधित्व करता है जो पारिवारिक दबावों के बावजूद अपनी अगली पीढ़ी को बेहतर, स्वतंत्र और खुला वातावरण देने का प्रयास करती हैं।
अंततः, सामाजिक दृष्टिकोण से यह अंश संदेश देता है कि व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए सामाजिक सहभागिता, शिक्षा और कला से जुड़ना अत्यंत आवश्यक है। सामाजिक बंधनों और रूढ़िवादी सोच से बाहर निकलकर ही एक स्वतंत्र, संवेदनशील और जागरूक नागरिक का निर्माण संभव है।
लवकुश सिंह यादव
सनबीम ग्रामीण स्कूल
