जब कोई नई शिक्षिका कक्षा में आती है और बच्चे डरे हुए, मासूम और संकोची होते हैं, तो सबसे पहले शिक्षिका का कर्तव्य होता है कि वह बच्चों में विश्वास और अपनापन पैदा करें। छोटे बच्चे अक्सर नए व्यक्ति से घबरा जाते हैं, इसलिए शिक्षिका को कठोरता के बजाय प्यार, धैर्य और मुस्कान के साथ बच्चों से बात करनी चाहिए।
शिक्षिका को चाहिए कि वह पहले बच्चों से हल्की-फुल्की बातचीत करें, उनका नाम पूछें, उनकी रुचियों के बारे में जानें और उन्हें यह महसूस कराएँ कि कक्षा उनके लिए एक सुरक्षित और खुशहाल स्थान है। जब बच्चे शिक्षक को मित्रवत और सहायक रूप में देखते हैं, तो उनका डर धीरे-धीरे कम हो जाता है और वे पढ़ाई में रुचि लेने लगते हैं।
बच्चों के साथ अपनापन बढ़ाने के लिए जब शिक्षक उनके साथ अपना टिफिन साझा करते हैं, उनके साथ बेंच पर बैठते हैं और कभी-कभी बच्चों की तरह छोटी-छोटी गलतियाँ भी करते हैं, तो बच्चों को लगता है कि उनकी शिक्षिका भी उन्हीं की तरह है। इससे बच्चों के मन का डर समाप्त हो जाता है और वे शिक्षक को अपना समझने लगते हैं।
ऐसा व्यवहार बच्चों के दिल में विश्वास और स्नेह उत्पन्न करता है। बच्चे खुलकर बात करने लगते हैं, अपनी समस्याएँ बताते हैं और पढ़ाई में भी अधिक रुचि लेने लगते हैं। शिक्षक और बच्चों के बीच का यह अपनापन कक्षा के वातावरण को सहज, सकारात्मक और सीखने योग्य बना देता है।
जब शिक्षक बच्चों के साथ मित्र की तरह व्यवहार करते हैं, तो बच्चे उन्हें केवल शिक्षक नहीं, बल्कि अपना मार्गदर्शक और सच्चा साथी मानने लगते हैं। यही सच्ची शिक्षा की शुरुआत होती है।
यह अनुभव और कार्य दोनों ही मैंने स्वयं अनुभव किए हैं।
सुनीता त्रिपाठी, सनबीम ग्रामीण स्कूल

No comments:
Post a Comment