एक शिक्षक के रूप में इस चर्चा से मुझे एक महत्त्वपूर्ण सीख मिली कि प्रत्येक बच्चे को समझने के लिए केवल उसकी शैक्षणिक उपलब्धियों को देखना पर्याप्त नहीं है। उसके व्यवहार, सोच और सीखने के तरीके के पीछे उसकी पारिवारिक पृष्ठभूमि और बचपन के अनुभवों की भी महत्त्वपूर्ण भूमिका होती है। जब हम बच्चों की परिस्थितियों को समझकर उनके प्रति संवेदनशीलता और सहानुभूति रखते हैं, तब हम उनकी सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और सार्थक बना सकते हैं।
इस सत्र ने मुझे यह सोचने के लिए भी प्रेरित किया कि सीखने के अनेक माध्यम हो सकते हैं। विद्यालय के साथ-साथ घर और जीवन के अनुभव भी ज्ञान प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एक शिक्षक के रूप में हमारा प्रयास होना चाहिए कि हम बच्चों में जिज्ञासा, स्वतंत्र चिंतन और निरंतर सीखने की भावना विकसित करें, ताकि वे जीवन की विभिन्न परिस्थितियों को समझ सकें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।
ममता
सनबीम ग्रामीण स्कूल
