शिक्षा केवल किताबों और कक्षा की चारदीवारी में नहीं, बल्कि जीवन के साक्षात्कार और अनुभवों से भी मिलती है।
Educated पुस्तक का यह पाठ हमें यह सोचने पर मजबूर करता है कि शिक्षा का अर्थ केवल किताबों के पन्ने पढ़ लेना या परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त कर लेना नहीं है। सच्ची शिक्षा वह है, जो हमें जीवन को समझना, प्रश्न करना और सही निर्णय लेना सिखाए। तारा के जीवन की कल्पना कीजिए—एक ऐसा बच्चा जिसे विद्यालय से दूर रखा गया, लेकिन जीवन ने उसे हर दिन एक नया पाठ पढ़ाया। परिस्थितियाँ उसकी किताब थीं, संघर्ष उसका शिक्षक था और उसके अनुभव ही उसकी पाठशाला। उसने जाना कि दुनिया को समझने के लिए केवल दूसरों की कही बात मान लेना पर्याप्त नहीं; कभी-कभी हमें स्वयं प्रश्न करना पड़ता है, स्वयं देखना पड़ता है और स्वयं अनुभव करना पड़ता है।
एक शिक्षक के रूप में इस विचार ने मुझे भीतर तक छुआ। मैंने महसूस किया कि जब बच्चा केवल मेरी बात सुनता है, तो वह शायद उसे याद रखता है; लेकिन जब वह किसी बात को स्वयं अनुभव करता है, तो वह उसे जीवनभर अपने साथ लेकर चलता है। ऐसा मेरा स्वयं का प्रत्यक्ष अनुभव भी है। मैं जिस चीज से मोटिवेट होकर उसे लगन से करने का प्रयास करती थी, वे बचपन की यादें आज भी मुझे याद हैं। कभी-कभी मैं कक्षा में भी बच्चों के समक्ष इन प्रयासों को बताती हूँ, ताकि जो बच्चे हतोत्साहित एवं निराश लगते हैं, उनके चेहरे पर भी प्रसन्नता दिखाई दे और वे भी पूरी लगन एवं मेहनत के साथ काम करने की कोशिश करें।
किसी भी चीज को बच्चा किताब में पढ़कर भूल सकता है। लेकिन यदि इस चीज को वह स्वयं करके सीखता है, तो उस काम को करने के लिए वह स्वयं को जिम्मेदार मानता है और उसे पूरी लगन के साथ भी करता है। ऐसा करके उसे स्वयं भी यह एहसास होता है कि सीखना केवल पाठ का विषय नहीं, बल्कि जीवन का हिस्सा है।
यहीं से मेरी सोच बदलती है—मुझे बच्चों को केवल पढ़ाना नहीं है, मुझे उन्हें सीखने के अवसर देने हैं। जैसे—कक्षा में कभी-कभी प्रश्न पूछकर बच्चे को स्वयं उत्तर खोजने देना।
तारा का संघर्ष हमें यही संदेश देता है कि शिक्षा मनुष्य को केवल जानकारी नहीं देती, बल्कि अपनी सोच बनाने की स्वतंत्रता देती है। आज एक शिक्षक के रूप में मेरा संकल्प है कि मैं बच्चों को केवल यह नहीं बताऊँगी कि क्या सही है, बल्कि उन्हें यह समझने का अवसर भी दूँगी कि क्यों सही है और वे इसे अपने जीवन में कैसे देख सकते हैं।
गुलाबी

No comments:
Post a Comment